- हीरो मोटोकॉर्प ने सीएसआर के तहत हेलमेट सहित उपलब्ध कराई मोटरसाइकिलें
- राइड सेफ इंडिया पहल की सराहना कर राज्यपाल ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
जयपुर, 27 अक्टूबर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने मंगलवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा स्थित हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड के संयंत्र में राजस्थान पुलिस के लिए 30 मोटरसाइकिलों को झंडी दिखाकर रवाना किया। राइजिंग नीमराणा कार्यक्रम के तहत आयोजित इस पहल में राज्यपाल ने सहभागिता करते हुए सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
श्री बागडे ने हीरो मोटोकॉर्प की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित ‘राइड सेफ इंडिया’ कार्यक्रम के तहत राजस्थान पुलिस को मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।
राज्यपाल ने सुरक्षित वाहन संचालन को सड़क सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए यातायात नियमों की पालना के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने इस प्रकार की पहलों को सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
हीरो मोटोकॉर्प की ओर से राजस्थान पुलिस को हेलमेट सहित प्रदान की गईं 30मोटरसाइकिलों से पुलिस की गश्त व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इन वाहनों से पुलिस को अपने दायित्वों के निर्वहन में अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने में सहायता मिलेगी।
डॉ.राजेश व्यास/रवीन्द्र
