• बांसवाड़ा जिला प्रभारी सचिव ने राजस्थान संपर्क 181 पर शिकायतों की समीक्षा की
  • जिले में 98.53 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण, शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर लिया फीडबैक

जयपुर, 26 अक्टूबर। बांसवाड़ा जिला प्रभारी सचिव एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की शासन सचिव डॉ. आरुषि अजेय मलिक ने सोमवार को राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर का दौरा कर आमजन की शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा में बताया गया कि बांसवाड़ा जिले में दर्ज कुल 52,341 शिकायतों में से 51,574 का निस्तारण किया जा चुका है। जिले की शिकायत निस्तारण दर 98.53 प्रतिशत है तथा 767 प्रकरण लंबित हैं। निस्तारित प्रकरणों में से 35,306 में राहत प्रदान की गई है।

डॉ. मलिक ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बांसवाड़ा के शिकायतकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कार्रवाई का फीडबैक लिया। इस दौरान शिकायतकर्ताओं के साथ जिले के संबंधित अन्य अधिकारी भी जुड़े। विश्वजीत सुराणा एवं मोहित ने राजस्व, नितेश एवं कपिल ने बिजली, अर्फित एवं गोविंद ने पेयजल तथा जितेंद्र एवं कैलाश ने नगरीय सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया।

डॉ. मलिक ने अतिरिक्त जिला कलक्टर, बांसवाड़ा को संबंधित विभागों से समन्वय कर लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जिलेभर में क्षेत्रीय दौरे कर आमजन की समस्याएं जानने और शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान डॉ. मलिक ने शिकायतों की निगरानी एवं विश्लेषण के लिए विकसित संपर्क एआई प्रणाली का अवलोकन किया और इसकी सराहना की।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान संपर्क 181 पर आमजन की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण एवं प्रभावी निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा की जा रही है।

ईशा/ ऋचा