जयपुर, 28 नवम्बर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी के छठे दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दीक्षांत शिक्षा का अंत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के नवजीवन का प्रवेश द्वार है।

राज्यपाल ने कहा कि यह वह समय होता है जब विद्यार्थी अपनी अर्जित शिक्षा का उपयोग राष्ट्र और समाज की उन्नति में करने के लिए तैयार होते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को हुनरमंद करने और उनकी बौद्धिक क्षमता विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाने का आह्वान किया।

नई शिक्षा नीति पर जोर

राज्यपाल श्री बागडे ने नई शिक्षा नीति के आलोक में विश्वविद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी शिक्षा का प्रसार किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर 'विकसित भारत 2047' की संकल्पना में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

राज्यपाल ने कहा कि सूचना और संचार प्रौद्योगिकी के बढ़ते प्रभाव के बीच 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' का प्रभाव सभी क्षेत्रों में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है, लेकिन विद्यार्थी इस पर निर्भर नहीं रहे। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमता के साथ यदि नैतिक और मानवीय मूल्य जुड़े रहेंगे, तभी 'सबका साथ, सबका विकास' को सफलीभूत किया जा सकेगा।

  • राज्यपाल ने ब्रिटिश काल में भारतीय शिक्षा की अवन्नति और लॉर्ड मैकाले द्वारा थोपी गई अंग्रेजी शिक्षा पद्धति को विकास की सबसे बड़ी बाधा बताया।
  • उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में भारतीयों को भारतीय शिक्षा पद्धति और ज्ञान परंपरा का आलोक मिल रहा है।